लोकप्रिय पोस्ट

धार्मिक कर्म सिद्धांत लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
धार्मिक कर्म सिद्धांत लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 10 नवंबर 2022

वैदिक मान्यताएं एवं कर्म सिद्धान्त



    भगवद्गीता में कर्म, अकर्म, विकर्म, स्वकर्म (स्वधर्म), निष्काम कर्म की अवधारणा।

i) वेद का मंत्राश है : “क्रतुमय: पुरुष:” अर्थात् जीव कर्मशील है। मीमांसा दर्शन का प्रथम सूत्र है :
“अथातो धर्मजिज्ञासा ।” 

अर्थात् अब धर्म के विषय में व्याख्या करते हैं, परन्तु वस्तुत: इसमें व्याख्या कर्म की है, वेद विहित कर्म, कर्मकांड की है। इसलिए इसे कर्म मीमांसा कहा जाता है। इस दर्शन में धर्म और कर्म प्रर्यायवाची इसलिए हो गये क्यों कि कर्म जीव का धर्म है।

लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक ने अपने ग्रंथ ‘भगवद्गीता रहस्य’ का उप-शीर्षक ‘कर्मयोग शास्त्र ‘ रखा है क्योंकि गीता का उद्देश्य “किंकर्तव्यविमूढ़” अर्जुन को स्वधर्म/स्वकर्म में प्रवृत्त करना था।

गोस्वामी तुलसीदास ने कहा है :
” कर्मप्रधान विश्व रचि राखा ।
जो जस करहिं सो तस फल चाखा ।।”

वेद, उपनिषद् , दर्शन-शास्त्र एवं हमारे अन्य धर्म ग्रंथ सम्पूर्ण जगत् व्यवस्था को कर्म आधारित मानते हैं। सांख्य दर्शन (6.41) का कथन है:
” कर्मवैचित्र्यात् सृष्टिवैचित्र्यम्।”
अर्थात् कर्म की विचित्रता से सृष्टि में विचित्रता पाई जाती है।

ii) हमने पूर्व लेखों में बताया कि जीवन में सुख-दु:ख, जन्म-मृत्यु, पुनर्जन्म-मोक्ष सभी जीव के निज कर्मों के आधार पर निर्धारित होते हैं।

गीता (3.5) का स्पष्ट निर्देश है :
” न हि कश्चित्क्षणमपि जातु तिष्ठत्यकर्मकृत् ।”
अर्थात् कोई भी मनुष्य क्षण भर भी कुछ-न-कुछ कर्म किये बिना नहीं रह सकता।

इतना ही नहीं, श्रीकृष्ण ने गीता (3.8) में यहां तक कह दिया :
” शरीरयात्राsपि च ते न प्रसिद्ध्येदकर्मण:।।”
अर्थात् बिना कर्म के तो तेरी शरीर-यात्रा भी नहीं चल सकती।

जब कर्म इतना महत्त्वपूर्ण है,
ऐसी स्थिति में गीता (4.17) का उपदेश है:

” कर्मणो ह्यपि बोद्धव्यं बोद्धव्यं च विकर्मण: ।
अकर्मणश्च बोद्धव्यं गहना कर्मणो गति: ।।”

अर्थात् कर्म की गति गहन है। इसलिए हमें जान लेना चाहिए कि कर्म क्या है ? यह भी जान लेना चाहिए कि विकर्म क्या है ? तथा यह भी जान लेना चाहिए कि अकर्म क्या है ?

कर्म के प्रति और अधिक सतर्क रहने का उपदेश करते हुए गीता (4.18) में कहा गया है :

” कर्मण्यकर्म य: पश्येदकर्मणि च कर्म य: ।
स बुद्धिमान्मनुष्येषु स युक्त: कृत्स्नकर्मकृत् ।।”

अर्थात् जो व्यक्ति ‘कर्म’ में ‘अकर्म’ और ‘अकर्म’ में ‘कर्म’ देख लेता है, वह मनुष्यों में बुद्धिमान है ; वही युक्त अर्थात् योग-युक्त है और सभी कर्म दक्षता से करता हैं।

अतः यह जानना हमारे लिए अत्यंत आवश्यक कि कर्म है क्या ! मनसा, वाचा, कर्मणा — मन से, वाणी से एवं शरीर से जो भी क्रिया (Activity) / गतिविधि की जाती है, वह कर्म है।

iii) शास्त्रों में कर्म तीन प्रकार के कहे गये हैं — नित्य-कर्म, नैमित्तिक-कर्म, काम्य-कर्म। नित्य-कर्म वे हैं जो सब देश-काल में हमें करने ही चाहिए जैसे सत्य बोलना, माता-पिता की सेवा करना। नैमित्तिक-कर्म वे कर्म हैं जो समय-समय पर आवश्यकता अनुसार करने होते हैं जैसे स्नान करना, अतिथि सत्कार करना। काम्य-कर्म वे कर्म हैं जो किसी कामना/ इच्छा को पूरा करने के लिए किये जाते हैं , जैसे गृहनिर्माण, नौकरी के लिए आवेदन देना।

गीता में कर्म से अभिप्राय निष्काम कर्म एवं स्वकर्म से है जिसे स्वधर्म कहा गया है। यहां धर्म का अर्थ मत/पन्थ/ मज़हब / Religion नहीं है क्योंकि उस समय ईसाईयत, यहूदी, इस्लाम आदि कोई धर्म था ही नहीं ; केवल वैदिक धर्म था जो वर्ण-आश्रम व्यवस्था पर आधारित था।
गीता (4.13) का कथन है:

“चातुर्वर्ण्यं मया सृष्टं गुणकर्मविभागश:।”

अर्थात् मैंने (ईश्वर ने) यह मानव सृष्टि गुण-कर्म के विभाग के आधार पर चार वर्णों में की है। यहां ध्यान देने योग्य बात यह है कि वर्ण व्यवस्था जन्म के आधार पर नहीं है, गुण-कर्म आधार पर है।

iv) कर्म में अकर्म और विकर्म का अभिप्राय क्या है ?

गीता के स्वकर्म/ स्वधर्म की व्याख्या से पहले, कर्म, अकर्म, विकर्म की व्याख्या आवश्यक है। इसका यह अर्थ है कि हमें सतर्क रहना चाहिए कि किसी कर्म (Action) को करते समय, हमारे से कोई अकर्म ( Inaction/ Act of Omission ) तो नहीं हो रहा अर्थात् हम किसी इससे भी महत्त्वपूर्ण कर्म को नज़र अंदाज़ तो नहीं कर रहे या इस कर्म को करते समय हमारे से कोई विकर्म /अकृत्य /बुरा कर्म तो नहीं हो रहा। जिस प्रकार कोई दवाई लेने से पहले हम आश्वस्त हो जाते हैं कि इसकी कोई प्रतिक्रिया (Reaction) या पार्श्व हानि (Side- effect) तो नहीं होगी, उसी प्रकार अपने कार्य/कर्म को करने से पहले, इस के दुष्परिणाम को भी आंक लेना चाहिए।

उदाहरणार्थ, कोई सैनिक देश की सीमा पर अपनी स्थली/ चौकी (Post) की सुरक्षा के लिए तैनात है। सायं काल हो गया है। यह समय ईश्वर प्रार्थना-उपासना अथवा नमाज़ का होने से , सैनिक ईश-प्रार्थना/ नमाज़ में संलग्न हो जाता है। सैनिक के ईश-प्रार्थना/नमाज़ रूपी कर्म में पोस्ट की सुरक्षा को छोड़ना ‘अकर्म ‘( Act of Omission) है, सुरक्षा रूपी कर्म को वह नज़र अन्दाज़ कर रहा है। और यदि इस दौरान शत्रु-पक्ष पोस्ट पर आक्रमण कर देता है ,यह कुकृत्य ‘विकर्म’ है जिसका परोक्ष दायित्व (Vicarious Responsibility) उस सैनिक पर है। सैनिक कानून के अंतर्गत उसके विरुद्ध सैनिक कार्रवाई (Court Marshall) की जा सकती है।

इस संदर्भ में, गीता का संदेश है कि इस ईश-स्तुति/ नमाज़ रूपी कर्म में ‘अकर्म’ और ‘विकर्म’ को देखना चाहिए।

v) अकर्म में कर्म और विकर्म का उदाहरण :

गीता निर्देश देती है कि ‘अकर्म’ ( Inaction) में भी ‘कर्म’ और ‘विकर्म’ छुपे होते हैं, इसलिए ‘अकर्मण्यता’ से भी सावधान रहना चाहिए। (Inaction is act of omission) —
उदाहरणार्थ:

” उचित होगा यहां,
इतिहास का पाठ याद करें ।
पृथ्वीराज चौहान की ,
धर्मविमूढ़ता का स्मरण करें।
गोवध पाप से बचने हेतु,
शस्त्र भूमि पर धर दिये।
फलत: मोहम्मद गौरी ने,
जनवधादि जघन्य कार्य किये।
यह भ्रमित अहिंसा रूप,
नहीं समाज व्यवस्था के लिए।
बुद्धि दी है परमात्मा ने,
प्रयोग में लाने के लिए।।”
(योगदर्शन : काव्य-व्याख्या 1.31 से उद्धृत )

vi) कर्म में विकर्म का उदाहरण :

तिब्बत भारत और चीन में मध्यस्थ देश (Buffer State) था। इसकी सुरक्षा का दायित्व (Suzerainty) भारत के पास था। तत्कालीन प्रधानमंत्री पं जवाहरलाल नेहरू ने एक समझौते के अन्तर्गत तिब्बत की सुज़रैनिटी चीन को दे दी।
उनका यह ‘कर्म’ (Action) ‘विकर्म’ (Wrong Action) था क्योंकि वे राजनीतिज्ञ होते हुए, अपनी दूरदर्शिता से यह नहीं देख पाए कि मध्यस्थ देश (Buffer State) के लुप्त हो जाने पर, भविष्य में चीन से सीमा विवाद खड़े हो सकते हैं; वह भारत पर आक्रमण भी कर सकता है।

vii) स्वकर्म व स्वधर्म क्या है ?

गीता का उपदेश है : कर्म, अकर्म, विकर्म को ध्यान में रखते हुए, मनुष्य को स्वकर्म / स्वधर्म का पालन करना चाहिए। यह स्वधर्म क्या है, स्वकर्म क्या है? अपनी प्रवृत्ति, अपने स्वभाव के अनुसार कार्य स्वधर्म है, स्वकर्म (Aptitude – Related – Work) है। माता-पिता का स्वधर्म तथा स्वकर्म है बच्चों का पालन-पोषण। एक शिक्षक का स्वधर्म तथा स्वकर्म है, अपने शिष्यों को निष्ठापूर्वक शिक्षा देना। एक डाक्टर का स्वधर्म तथा स्वकर्म है, अपने रोगियों का निष्ठा से उपचार करना। एक सैनिक का स्वधर्म तथा स्वकर्म है , देश की रक्षा करना, चाहे जान ही क्यों न चली जाए। एक व्यापारी का स्वधर्म तथा स्वकर्म है, धन-धान्य जुटा कर समाज की सेवा करना। गीता के अनुसार व्यापारी का कार्य ( स्वकर्म) ख़रीद – फ़रोख़्त करके व्यक्तिगत लाभ (Profit) कमाना नहीं है, समाज हित में अर्थ- व्यवस्था को चलाना है।

गीता (18.45) आश्वस्त करती है: 

” स्वे स्वे कर्मण्यभिरत: संसिद्धिं लभते नर:।”

अर्थात् अपने-अपने कर्म में जो व्यक्ति, अपने स्वभाव के अनुसार, लगा रहता है, वह सिद्धि को प्राप्त होता है। 

इस संदर्भ में सर्वपल्ली राधाकृष्णन् लिखते हैं : " सब मनुष्यों की क्षमताएं समान नहीं होती, परन्तु सब मनुष्य समान रूप से आवश्यक हैं; प्रत्येक मनुष्य अपना अंशदान करता है, अंशदान के रूप में सब का मूल्य समान है। "

viii) निष्काम कर्म क्या है ?

गीता का मूल संदेश है निष्काम कर्म। निष्काम कर्म का अर्थ है : सभी को निज स्वार्थ को त्याग कर, समाज हित, परोपकार की भावना से करना चाहिए। गीता (3.9) का उपदेश है:

” यज्ञार्थात् कर्मणोsन्यत्र लोकोsयं कर्मबन्धन: ।”

अर्थात् इस संसार में जो भी कर्म यज्ञ की भावना से भिन्न होते हैं, बन्धन का कारण बनते हैं।

निष्काम कर्म का यह अर्थ नहीं कि कर्म / कार्य के फल की इच्छा नहीं रखनी चाहिए। इसका अभिप्राय केवल इतना है कि अपने कार्य को यज्ञभाव से ( इदन्न मम : यह मेरा नहीं है ) करते हुए फल ईश्वर पर छोड़ देना चाहिए। 

मनुस्मृति ( 2.2) में कहा है : “काम्यो हि वेदाधिगम:” अर्थात् वेदाध्ययन, वेदविहित कर्म कामनामूलक हैं। क्या साधक योगसाधना मोक्षफल प्राप्ति के लिए नहीं करता ? क्या स्वतन्त्रता सेनानी स्वतन्त्रता की कामना से संघर्ष नहीं करते थे ? शुभ कार्यों में फल की कामना शास्त्र सम्मत है। ऐसा भी नहीं कि फल की इच्छा न रखने से, कर्ता को फल नहीं मिलता। मोक्ष निष्काम कर्म का फल ही तो है !

(कर्म सिद्धांत प्रकरण समाप्त हुआ। अब पुनर्जन्म सिद्धांत की व्याख्या करेंगे।)
.................
पादपाठ

1) Who toiled a slave may come anew a prince,
For gentleness and merit won.
Who ruled a prince may wander earth in rags
For things done and undone.
    — Sir Edwin Arnold

जिसने दास के रूप में परिश्रम किया, अपनी भद्रता और दक्षता के कारण, राजकुमार के रूप में प्रकट हो सकता है।
जिसने राजकुमार के रूप में कार्य किया, अपने कृत्यों एवं अकृत्यों के कारण, पृथ्वी पर जीर्ण-शीर्ण वस्त्रों में घूम सकता है।
      — सर एडविन आर्नल्ड

2) The Aryan-Sanskrit sociological thought,  which first defined and named this fourfold structure of society, is as much ours as India’s.
      — Gerald  Heard

आर्य संस्कृति का सामाजिक विचार , जिसने चतुर्वर्ण व्यवस्था को व्याख्यित किया और नाम दिया, आज उतना ही हमारा है जितना भारत का।
    — गैराल्ड  हर्ड

3) अमेरिका के राष्ट्रपति इब्राहिम लिंकन जब कांग्रेस को सम्बोधित कर रहे थे, एक सांसद ने कहा : आपको संज्ञान है कि आपके पिता मेरे घर आकर मेरे जूते बनाया करते थे?

राष्ट्रपति ने उत्तर दिया: जी हां, उन्होंने आपके अतिरिक्त कई अन्य सांसदों के भी जूते बनाए हैं। वे प्रतिभाशाली थे, अपने कार्य में अपनी आत्मा डाल देते थे। किसी ने उनके बनाए जूते में कोई कमी नहीं पाई। यदि आप में से किसी को उनके बनाए जूते से शिकायत है, मैं आपको नया जूता बना कर देने को तैयार हूं। मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा है । मुझे अपने पिता पर गर्व है।

इस घटना ने परिश्रम की गरिमा ( Dignity of Labour ) को रेखांकित किया और कई नगण्य कर्मियों ने गर्व से अपना उपनाम ‘शूमेकर’ , ‘बारबर’, ‘टेलर’ रखना शुरू कर दिया।

यही है वैदिक वर्णव्यवस्था ।‌ यही है गीता के स्वकर्म/ स्वधर्म की अवधारणा कि अपने कार्य को निष्ठा से, समर्पित भाव से करें 
……………
ईश्वरीय ज्ञान वेद के प्रचार प्रसार हेतु , कृपया इस पोस्ट को शेयर करें ।‌‌ 🙏🏻🙏🏻

ऐसे और पोस्ट देखने के लिए और संस्कृतं जनभाषा भवेत् से जुड़ने के लिए क्लिक करें 👇👇

https://kutumbapp.page.link/9S7whtFgYWsaEV7G7?ref=MS9TW